देवास शहर में उज्जैन रोड से नागूखेड़ी तक सड़क चौड़ीकरण के लिए सर्वे शुरू हो गया है। राजस्व विभाग ने मार्ग पर सीमांकन का कार्य प्रारंभ कर दिया है। विभाग द्वारा मार्ग में बाधक बनने वाले भवनों को भी चिह्नित किया जा रहा है। शुक्रवार को राजस्व अमला मौके पर पहुंचा और उज्जैन चौराहा से ईटावा तक शासकीय रोड का सीमांकन किया गया। उज्जैन चौराहा से नागूखेड़ी तक यह लगभग 4 किलोमीटर लंबा मार्ग 40 मीटर चौड़ाई में प्रस्तावित है। हालांकि, मौके पर राजस्व विभाग को सीमांकन में फिलहाल 30 से 32 मीटर जगह ही उपलब्ध मिली है। शेष आवश्यक भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। इस 4 किलोमीटर लंबे मार्ग के बनने से वाहन चालकों को काफी राहत मिलेगी। साथ ही, उज्जैन रोड पर शहरी सीमा में लगने वाले जाम से भी लोगों को निजात मिलेगी। राजस्व निरीक्षक लखन सिंह पूर्विया ने बताया कि देवास से उज्जैन चौराहा बायपास मार्ग तक उज्जैन रोड के चौड़ीकरण का कार्य शुरू हुआ है। चौड़ीकरण से पहले शासकीय रोड का सर्वे करके निशान लगाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि 40 मीटर चौड़े रोड की आवश्यकता है, लेकिन मौके पर 30 से 32 मीटर ही जगह उपलब्ध है। आवश्यकतानुसार जितनी जमीन लगेगी, उसका अधिग्रहण किया जाएगा। सड़क का निर्माण सेंटर से दोनों ओर 20-20 मीटर की चौड़ाई में होगा। सर्वे रिपोर्ट के बाद संबंधित व्यक्तियों को अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस दिए जाएंगे और निजी जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जाएगी।


