प्रिंयका गांधी पर टिप्पणी करने वाली गुना के कुंभराज तहसील में पदस्थ तहसीलदार अमिता सिंह का तबादला हो जाने के बाद मंगलवार को उन्हें रिलीव कर दिया गया। दो महीने पहले उनका गुना से श्योपुर ट्रांसफर हुआ था। जब उनका गुना तबादला किया गया था, तब भी वह श्योपुर में ही पदस्थ थीं। अपनी सोशल मीडिया पर राजनैतिक पोस्ट करने को लेकर वह चर्चाओं और विवादों में रही हैं। बता दें कि शासन ने 24 अक्टूबर 2024 को सात तहसीलदारों के तबादला आदेश जारी किए थे। इनमें गुना जिले में पदस्थ तहसीलदार अमिता सिंह का नाम भी शामिल था। उनका ट्रांसफर गुना से श्योपुर किया गया है। एक वर्ष पहले ही अमिता सिंह का गुना तबादला किया गया था। गुना में वह भू अभिलेख शाखा प्रभारी के रूप में पदस्थ रहीं। कुछ महीनों पहले ही उन्हें कुंभराज तहसीलदार बनाया गया था। मंगलवार को कलेक्टर ने उन्हें रिलीव कर दिया। उनकी जगह कुंभराज में ही पदस्थ नायब तहसीलदार सुनील वर्मा को प्रभार सौंपा गया है। वह अक्सर अपनी सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सुर्खियों में रहती हैं। अगस्त महीने में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर किए गए एक पोस्ट की वजह से वह विवादों में आई थीं। कांग्रेस ने उन्हें हटाने की मांग की थी। उन्होंने पोस्ट करते हुए लिखा था कि ‘कैमरा सामने आते ही मास्क से मुंह छुपाकर लंदन में दारू पी रही है। लड़की हूं लड़ सकती हूं मगर कोलकाता जाकर ममता से इंसाफ नहीं मांग सकती।’ जब तहसीलदार अमिता सिंह से पोस्ट को लेकर सवाल पूछा गया था, तो उन्होंने कहा कि राजस्व महा अभियान चल रहा है। बार-बार ओटीपी आता रहता है, इसलिए मेरा मोबाइल किसी के भी पास रहता है, मेरे पास नहीं रहता है। अमिता सिंह ने अपने फेसबुक अकाउंट पर लिखा- अपने सभी मित्रों को सूचित करना चाहती हूं कि मेरी फेसबुक आईडी हैक हो गई है। किसी के द्वारा मेरी क्लोन आईडी बनाकर कोई राजनीति से प्रेरित पोस्ट की गई है। मेरे द्वारा अपनी आई चेक करने पर ऐसी कोई पोस्ट मिली नहीं है। मैं इस संबंध में साइबर सेल में शिकायत कर रही हूं। तहसीलदार अमिता सिंह पहले भी अपने पोस्ट के जरिए चर्चाओं में रह चुकी हैं। वह अक्सर सोशल मीडिया पर इस तरह की पोस्ट करती हैं। पढ़िए उनकी 3 चर्चित पोस्ट… ‘पाकिस्तान का क्षेत्रफल 8.81 लाख वर्ग किलोमीटर और वक्फ बोर्ड का क्षेत्रफल 9.40 लाख वर्ग किलोमीटर है। एक पाकिस्तान बाहर बनाया है और एक पाकिस्तान भारत के गर्भ में पल रहा है। बस प्रसव पीड़ा होना बाकी है। जागो हिंदुओ जागो।’ ‘कोलकाता रेप और मर्डर कांड के बाद उन्होंने लिखा मुमताज बानो,, 7 दिन बाद CBI को केस देने का मतलब पहले सारे साक्ष्य मिटा दिए जाए तब जांच हो थू है, शर्मनाक स्त्री।’ नीट पेपर लीक वाले मामले पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा था….’पेपर आउट को लेकर इतना हंगामा बरपा है, सरकार को दोषी ठहराया जा रहा है, जबकि वास्तविक दोषी वे अभिभावक हैं जो पैसे के दम पर अपने अयोग्य बच्चों को पास कराना चाहते हैं, और होनहार छात्रों का हक मारते हैं, ऐसे अभिभावकों का सामाजिक बहिष्कार किया जाए। ऐसे लोगों को दी जाने वाली सभी शासकीय योजनाओं से वंचित किया जाए। केस में लिप्त सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को आजीवन कारावास दिया जाए। विपक्ष ऐसी घटनाओं का राजनीतिकरण करना बंद करे। ये एक सामाजिक कोढ़ है, सभी इसके विरोध में आवाज उठाए न कि सरकारों को घेरने का एजेंडा बनाया जाए, ऐसी घटनाओं को।’


