राजगढ़ में एक निजी स्कूल में 5वीं की छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। चपरासी ने बच्ची से कहा कि प्रिंसिपल मैडम तीसरे फ्लोर पर बुला रही हैं। बच्ची जब वहां पहुंची तो आरोपी भी वहां पहुंच गया और उसे पकड़कर कमरे में ले जाने लगा। बच्ची किसी तरह से छूटकर भागी और रोते हुए प्रिंसिपल के केबिन में पहुंचकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद छात्रा ने क्लास में बैठकर परीक्षा दी और घर जाकर परिजनों को सब बता दिया। बच्ची के माता-पिता ने मंगलवार को थाने में शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी रामा बैरागी के खिलाफ पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। बच्ची से कहा- तुझे चॉकलेट दूंगा
मामला माचलपुर थाना क्षेत्र में का है। सोमवार सुबह बच्ची परीक्षा देने स्कूल में गई थी। चपरासी रामा बैरागी छात्रा को गेट पर मिला था। प्रिंसिपल के बुलाने की बात सुनकर बच्ची तीसरी फ्लोर पर पहुंच गई। इस दौरान पीछे से आरोपी चपरासी भी आया। उसने कहा कि तुझे चॉकलेट दूंगा। आरोपी चपरासी पुलिस की हिरासत में
थाना प्रभारी TI जितेन्द्र सिंह मावाई ने बताया कि पीड़िता मंगलवार को अपने परिजनों साथ थाने आई थी, हमने आरोपी चपरासी के खिलाफ BNS की धारा 74, 75 एवं लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम की धारा 7 व 8 पॉक्सो एक्ट के अंर्तगत मामला दर्ज कर जांच में लिया है। आरोपी चपरासी रामप्रसाद उर्फ रामा पिता रामबिलास बैरागी (31) को पुलिस अभिरक्षा में ले लिया है। स्कूल प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज परिजन को सौंपे
स्कूल प्राचार्या प्रमिला शर्मा ने बताया, आरोपी हमारे यहां लंबे समय से काम कर रहा था। अब तक हमें कोई शिकायत नहीं मिली। जैसे ही बच्ची ने हमसे शिकायत की तो हमने तत्काल आरोपी को स्कूल से निकाल दिया। बच्ची के परिजन की मांग पर सीसीटीवी फुटेज के डीवीआर उन्हें सौंप दिए हैं।


