पत्नी को दहेज के लिए प्रताड़ित कर विदेश से तलाक देने के मामले में पति को दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया। सवाई माधोपुर की मलारना डूंगर पुलिस थाना पुलिस ने सोमवार रात इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद जावेद खान पुत्र सगीर खान निवासी मलारना डूंगर को सऊदी अरब से लौटने के दौरान दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। हेड कॉन्स्टेबल प्रतिपाल मीणा ने बताया कि 4 अक्टूबर 2023 को पीड़िता ने पुलिस को रिपोर्ट देकर बताया कि 28 जून 2020 को उसका विवाह आरोपी मोहम्मद जावेद खान के साथ हुआ था। शादी के बाद से आरोपी और उसके परिवार वाले पीड़िता के साथ गाली—गलौज कर दहेज की मांग कर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। इस दौरान आरोपी विदेश चला गया, जहां आरोपी ने विदेश में बैठकर पीड़िता को गालियां दी और फोन पर तलाक दे दिया। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर लिया और आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर कार्रवाई शुरू की। 6 जनवरी को सुबह करीब 2 बजे आरोपी को सऊदी अरब से दिल्ली आने पर इमीग्रेशन एयरपोर्ट दिल्ली के द्वारा आरोपी को डिटेन कर मलारना डूंगर थाना पुलिस को सूचित किया। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार किया।


