भिंड और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से सूने घरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी भिंड से 200 किलोमीटर दूर कानपुर की एक मसाला फैक्ट्री में वारदात की योजना बनाते थे। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों ने कई चोरियों का खुलासा किया। टीआई मुकेश शाक्य ने बताया कि भिंड के अटेर क्षेत्र के उदोतपुरा निवासी मोनू उर्फ फूल सिंह भदौरिया पहले छोटी-मोटी चोरी की घटनाओं में पकड़ा जा चुका था। जब वह पुलिस की निगरानी में आया, तो उसने सुधरने के लिए भिंड से 200 किमी दूर कानपुर की एक मसाला फैक्ट्री में ₹12,000 महीने की नौकरी शुरू कर दी। कुछ समय तक उसने काम ईमानदारी से किया। इसके बाद वहां उसकी दोस्ती नंदू उर्फ नंदकिशोर विश्वकर्मा और मनोज बाथम से हो गई। ये तीनों शराब के शौकीन थे और नौकरी की मामूली आमदनी से उनके शौक पूरे नहीं हो पा रहे थे। शराब पार्टी में बना चोरी का प्लान करीब चार महीने पहले इन तीनों ने शराब पार्टी के दौरान नौकरी छोड़कर चोरी करने का फैसला किया। उन्होंने तय किया कि ऐसे घरों को निशाना बनाया जाएगा, जिन पर बाहर से ताला लटका हो। आरोपी दिन में बाइक से घूम-घूमकर सूने घरों की रेकी करते थे। सीसीटीवी और घरों के रास्तों की जांच कर पूरी योजना बनाते, इसके बाद रात 9 बजे दूसरी बार रेकी करते और फिर रात 1 बजे वारदात को अंजाम देने पहुंचते। मकान मालिक की सूझबूझ से पकड़ाए शुक्रवार रात को तीनों वीरसेन फॉर्म अटेर रोड पर एक घर में चोरी करने पहुंचे। जिसका मकान मालिक अपने दूसरे मकान में सोया था। इसके बाद रात 1 बजे उसकी नींद खुली तो उसने घर का ताला टूटा देखा। मकान के अंदर जाकर उसने देखा कि तीनों चोर सामान समेट रहे हैं। मकान मालिक ने बाहर से कुंडी लगाकर पुलिस को सूचना दी। कई वारदातों का हुआ खुलासा पुलिस की पूछताछ में तीनों ने 4 और 7 दिसंबर की रात मातादीन का पुरा अटेर रोड और 2 जनवरी और 3 जनवरी की रात वीरसेन फार्म अटेर रोड पर दो मकानों में चोरी करना कबूल किया।टीआई मुकेश शाक्य ने बताया कि तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।


