जैसलमेर में सेना का ट्रक पलटा:5 अग्निवीर घायल, सभी घायलों का जवाहिर हॉस्पिटल में इलाज जारी

जैसलमेर में शुक्रवार दोपहर करीब 4 बजे एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें सेना के पांच अग्निवीर जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, सेना का एक ट्रक शहर से आर्मी कैंट की ओर जा रहा था, तभी रेवंत सिंह की ढाणी के पास अचानक एक गाय सामने आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में ट्रक बेकाबू हो गया और सड़क पर पलट गया। सभी घायलों को जवाहिर हॉस्पिटल लाया गया जहां उनका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की पड़ताल शुरू की। 5 अग्निवीर हुए घायल हादसा इतना भीषण था कि ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार पांच अग्निवीर जवान घायल हो गए। घायल अग्निवीरों के नाम रोबिन, उदय, अरुण, प्रमोद और मांझी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राह चलते स्थानीय लोगों ने बिना देर किए बचाव कार्य शुरू किया और घायल जवानों को ट्रक से बाहर निकाला। लोगों की मदद से सभी घायल जवानों को तुरंत जैसलमेर के जवाहिर हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हॉस्पिटल सूत्रों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। कोतवाली पुलिस कर रही हादसे के कारणों की जांच इधर, घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल शुरू की है। पुलिस ने पलटे हुए ट्रक को हटाने और यातायात को सामान्य करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है। हालांकि, यह मामला सेना से जुड़ा होने के कारण, सेना के किसी भी अधिकारी ने इस संबंध में मीडिया को कोई आधिकारिक जानकारी या बयान नहीं दिया है। दुर्घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए फिलहाल मीडिया को मामले से दूर रखा गया है। पुलिस और सेना के अधिकारी संयुक्त रूप से घटना की जांच कर रहे हैं। यह हादसा एक बार फिर यह दिखाता है कि सड़कों पर अचानक आने वाले पशुओं के कारण किस तरह बड़े हादसे हो सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *