सलूंबर जिला बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। इन चुनावों में संजय मेहता ने अध्यक्ष पद पर मात्र एक वोट से जीत हासिल की। मतदान सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चला, जिसके तुरंत बाद मतगणना शुरू हुई और शाम 4:30 बजे परिणाम घोषित कर दिए गए। अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें संजय मेहता ने 48 वोट प्राप्त किए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी सोहन चौधरी को 47 वोट मिले। कुल 104 पंजीकृत मतदाताओं में से 96 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। एक वोट नोटा के रूप में दर्ज किया गया। चुनाव अधिकारी निलेश कुमार जैन ने बताया कि पूरी चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। इस बार बार एसोसिएशन के कई महत्वपूर्ण पदों पर निर्विरोध चयन हुआ। इनमें राकेश जैन उपाध्यक्ष, अभिषेक जोशी महासचिव, डूंगरलाल मीणा सह सचिव, ग्रीजेश ताजावत वित्त सचिव और गंगाराम पटेल पुस्तकालय सचिव चुने गए। सभी निर्विरोध चुने गए पदाधिकारियों को बार एसोसिएशन के सदस्यों ने बधाई दी। चुनाव परिणामों की घोषणा के दौरान समस्त वकील समुदाय और बार एसोसिएशन कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने नई टीम से संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने की अपेक्षाएं व्यक्त कीं।


