फलोदी में अवैध शराब पर चला रोड रोलर:विभिन्न पुलिस थानों में जब्त 25 हजार लीटर से ज्यादा शराब नष्ट की

फलोदी जिले में विभिन्न पुलिस थानों द्वारा जब्त की गई अवैध शराब को नष्ट किया गया। न्यायालय के आदेश पर फलोदी शहर के बाहर एक निर्धारित स्थान पर रोलर चलाकर यह कार्रवाई की गई। एसपी कुंदन कंवरिया ने इसकी जानकारी दी। यह नष्टीकरण फलोदी, बाप, भोजासर, लोहावट, जाम्बा और नोख पुलिस थानों के कुल 112 प्रकरणों से संबंधित था। इसमें 23144.12 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, 1713.48 लीटर अवैध देशी शराब और 115.15 लीटर बीयर शामिल थी। अवैध शराब को नष्ट करने के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया गया था। इस कमेटी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फलोदी ब्रजराज सिंह चारण (अध्यक्ष), जिला आबकारी अधिकारी डॉ. भवानीसिंह राठौड़, उपखण्ड अधिकारी फलोदी पूजा चौधरी, कोषाधिकारी प्रेमप्रकाश पालीवाल, एएसआई अपराध सहायक शबाबुराम और कॉन्स्टेबल जयप्रकाश शामिल थे। नष्टीकरण के आदेश प्राप्त होने के बाद संबंधित थानों के अधिकारी जब्तशुदा माल को निर्धारित स्थान पर लेकर पहुंचे। कमेटी के सदस्यों की उपस्थिति में शराब को मैदान में बिछाकर वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की गई, जिसके बाद उस पर रोलर चलाकर नष्ट कर दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *