महाकुंभ में जाने के दौरान सबसे बड़ी परेशानी है, वहां ठहरना, भोजन और चाय नाश्ता। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से इन सबका प्रबंध करने में लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी आती है। लोगों की इन्ही समस्याओं को देखते हुए श्रीगंगानगर की संस्था सर्वोपकार समिति ने गुरुवार से प्रयागराज में फ्री ठहरने, भोजन और चाय नाश्ते का प्रबंध किया है। संस्था उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 9 जनवरी से 14 फरवरी तक यह प्रबंध रखेगी। महाकुंभ स्नान स्थल से 5किमी दूर व्यवस्था
यहां आने वाले परिवारों के लिए यहां टीन की दीवारों और छतों से छोटे-छोटे केबिन बनाए गए हैं। वहीं एक बड़ा हॉल भी टेन्ट और टीनशेड से तैयार किया गया है। श्रीगंगानगर के ऋद्धि-सिद्धि एनक्लेव की इस समिति ने इसके लिए कई दिन पहले तैयारी शुरू कर दी थी। इसके लिए यूपी सरकार से अनुमति ली गई। यूपी सरकार ने समिति को प्रयागराज में महाकुंभ स्नान स्थल से 5 किलाेमीटर दूर हर्षवर्धन मार्ग पर पटरी पूर्व इलाके में सेक्टर—11 में एक प्लॉट अलॉट किया। 30 लोगों का स्टाफ पहुंचा
इसी प्लॉट पर एक माह तक समिति ने सभी प्रबंध किए हैं। यहां 14 छोटे केबिननुमा कमरे बनाए हैं जहां परिवार ठहर सकेंगे वहीं बड़े हॉल में सभी लाेग एक साथ ठहर सकेंगे। समिति के सह संयोजक गौरव बगड़िया बताते हैं व्यवस्थाओं के लिए करीब 30 लोगों का स्टाफ मौके पर पहुंच गया है। व्यवस्थाओं के नई रजाइयां और बिस्तर भी भिजवाए गए हैं। समिति के श्याम बगड़िया, रतन बगड़िया और अन्य सदस्य लगातार प्रबंध करने में जुटे हैं। यहां आने वाले परिवरों के लिए यहां टिन की छतों और दीवारों से बने केबिन में प्रबंध रहेगा वहीं हॉल में भी लोग ठहर सकेंगे। इन लोगों के रहने के साथ ही भोजन, चाय और नाश्ते का भी यहां प्रबंध रहेगा।


