जमीन अधिग्रहण के खिलाफ ग्रामीणों का धरना जारी:उचित मुआवजा की मांग, रात भर समाहरणालय गेट के पास बैठे रहे ग्रामीण

लातेहार में हिंडाल्को कंपनी द्वारा जमीन अधिग्रहण के विरोध में ग्रामीणों का दूसरे दिन बुधवार को भी धरना जारी रहा। चंदवा प्रखंड के चकला गांव में दर्जनों महिला, पुरुष ग्रामीण समाहरणालय गेट के पास अनिश्चितकालीन धरना में बैठे हुए हैं। धरना मंगलवार से ही जारी है। इस तेज ठंड में भी ग्रामीणों ने धरनास्थल पर ही रात गुजारा। धरना पर बैठी सुल्ताना परवीन ने बताया कि इसी रास्ते से डीसी की गाड़ी गई, लेकिन हम लोगों का हाल-चाल नहीं जाना गया। उन्होंने कंपनी के पंकज सिन्हा पर भी जिला प्रशासन के साथ मिली भगत का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कई बार डीसी को आवेदन देकर मामले का समाधान कराने का आग्रह किया है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हो सका है। कंपनी द्वारा हम लोगों को धमकी भी दी जाती है। ग्रामीणों की उपस्थिति में पुनः ग्रामसभा करें सरस्वती देवी ने कहा कि चकला गांव को पूर्ण रूप से विस्थापित करें, जमीन का उचित मुआवजा दें, फर्जी ग्रामसभा रद्द करते हुए ग्रामीणों की उपस्थिति में पुनः ग्रामसभा करें। विरोध करने वालों में सुल्ताना परवीन, बिंदू देवी, सरस्वती देवी, नाजमी बीबी, शोभा देवी, जहीदा देवी, बिंदु देवी, नाजमीन बीबी, मनीषा देवी, सकीना खातून, शाहिदा बीबी समेत दर्जनों की संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। इधर, हिंडालको के पंकज सिन्हा ने कहा कि कंपनी के मीडिया इंचार्ज राजीव किशोर से बात कीजिए। राजीव किशोर से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं हो सकी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *