भास्कर संवाददाता | बाड़मेर पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय जालीपा छावनी में शुक्रवार को दादा-दादी, नाना नानी दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों के दादा-दादी नाना नानी व उनके परिवारजनों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक पशुपालन विभाग राजस्थान सरकार डॉ. हरिसिंह कोलायत बीकानेर ने शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्याध्यापक कुलदीपसिंह ने आए हुए अतिथियों का स्वागत किया। छात्र-छात्राओं ने शिक्षा नीति में आए बदलावों पर अभिनय प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में आए हुए दादा-दादी, नाना नानी के लिए आयोजित विभिन्न खेल एवं गायन गतिविधियों में भाग लिया। विजेताओं को मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य ने सम्मानित किया। प्राचार्य किशनाराम सेंवर ने कहा कि आधुनिक जीवन शैली में नन्हें मुन्नें छात्रों के लिए दादा-दादी व नाना नानी का बहुत ही महत्वपूर्ण स्थान है। शिक्षा में संस्कारों का समावेश अत्यंत आवश्यक है। सेवानिवृत्त प्राचार्य धर्माराम चौधरी, हिरसिंह भाटी ने विचार व्यक्त किए। दिनेश कुमार ने आभार व्यक्त किया।


