20 साल से साधु बनकर घूम रहा था आरोपी:कुंभ जाने से पहले परिवार का आशीर्वाद लेने पहुंचा, पुलिस ने पकड़ा

भिंड की उमरी थाना पुलिस ने बुधवार को 20 साल से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मथुरा और वृंदावन में साधु के वेश में रह रहा था। बुधवार को वह अपने माता-पिता और परिवार के सदस्यों का आशीर्वाद लेने आया था। जिसके बाद वह कुंभ स्नान के लिए प्रयागराज निकलने वाला था। इसी दौरान पुलिस ने उसे गांव के बाहर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जानकारी के मुताबिक लगभग 20 साल पहले कनावर गांव के निवासी धर्मेंद्र सिंह उर्फ नरेंद्र सिंह पिता बलवंत सिंह भदौरिया पर एक जमीनी विवाद के मामले में गंभीर आरोप लगे थे। इसके बाद से पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। आरोपी पुलिस से बचने के लिए साधु बन गया और मथुरा, वृंदावन, अयोध्या सहित कई धार्मिक स्थलों पर छिपकर रहने लगा। पुलिस इस बीच कई बार आरोपी के परिजनों से पूछताछ की, लेकिन वे हर बार यही कहते रहे कि उसका कोई पता नहीं है और संभवत उसकी मृत्यु हो चुकी है। समय के साथ पुलिस ने आरोपी की फाइल बंद कर दी। गांव वालों ने पुलिस को जानकारी दी आरोपी कुंभ स्नान में भाग लेने से पहले बुधवार को अपने परिवार का आशीर्वाद लेने घर आया। गांव वालों को जब पता चला कि धर्मेंद्र साधु के वेश में अपने घर आया है, तो उन्होंने पुलिस को खबर दे दी। पुलिस ने गांव के बाहर मंदिर के पास घात लगाई और जैसे ही साधु वेशधारी धर्मेंद्र वहां से निकला, उसे गिरफ्तार कर थाने ले आई। उमरी थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत ने का कहना है कि आरोपी ने लंबे समय तक खुद को साधु के वेश में छिपाकर रखा था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *