अलीगढ़ के कोतवाली थाना क्षेत्र में तीन तलाक का मामला सामने आया है। जिसमें पीड़िता ने बताया कि उसके शौहर ने दो लाख रुपए दहेज के लिए उसे तीन तलाक दे दिया है। इसके बाद आरोपियों ने महिला को घर से भी निकाल दिया। तीन तलाक मिलने के बाद महिला अपने मायके आ गई। इस बीच परिवार के लोगों ने आपसी बातचीत से मामला सुलझाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी पक्ष नहीं माना। जिसके बाद पीड़िता ने कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। तीन महीने पहले हुआ था निकाह कोतवाली थाना क्षेत्र के इस्लाम नगर भुजपुरा निवासी सिमरन पुत्री इलब हुसैन ने बताया कि उसका निकाह तीन महीने पहले हुआ था। दोनों परिवारों की रजामंदी के बाद सिमरन का निकाह कासगंज के थाना पटियाली के मुल्लाटोला निवासी अरबाज पुत्र मुशीर से हुई थी। पीड़िता ने बताया कि उसके पिता ने अपनी क्षमता के अनुसार निकाह में 7 लाख रुपए खर्च किए थे। लेकिन निकाह के कुछ दिन बाद ही आरोपियों ने उससे दहेज की मांग शुरू कर दी। आरोपी 2 लाख रुपए मांग रहे थे और आए दिन मारपीट करते रहते थे। आरोपी लगातार मायके से रुपए मांगने का दबाव बनाते थे। जब पीड़िता ने बात नहीं मानी तो उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। पुलिस ने 7 लोगों को किया नामजद पीड़िता की तहरीर के बाद पुलिस ने आरोपी पति समेत ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। इसमें पुलिस ने आरोपी पति अरबाज, ससुर मुशीर, सास फूल बानो, खालिया ससुर इकराम, जेठ लालू, जेठानी शमीना और देवर भूरा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ दहेज एक्ट, मुस्लिम महिला अधिनियम, मारपीट समेत 7 धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जिसकी जांच शुरू कर दी गई है। अब पुलिस कासगंज जाकर आरोपियों से पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


