लखनऊ में 2000 से ज्यादा वास्तुकार का जमावड़ा लगेगा:इकाना में 10 से 12 जनवरी तक आयोजित होगा कार्यक्रम, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के तौर पर होंगे शामिल

लखनऊ में 2000 से ज्यादा वास्तुकार का जमावड़ा लगने वाला है। इकाना स्टेडियम में लखनऊ वास्तुकला महोत्सव (एलएएफ) का दूसरा संस्करण 10 से 12 जनवरी तक आयोजित होगा। इसमें देश-विदेश के 20 से ज्यादा संघों के दो हजार से अधिक वास्तुकार आएंगे। इस दौरान वास्तुकला में नवीनतम रुझान पर गहन चर्चा और नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे। लखनऊ आर्किटेक्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रशांत पाल सिंह ने बताया कि यह आयोजन वास्तुकला और शहरी विकास के क्षेत्र में एक दिशा प्रदान करेगा। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक इस कार्यक्रम के उद्घाटन में मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद होंगे। तीन दिन तक अलग – अलग सत्र का आयोजन होगा। एसोसिएशन की संरक्षक वंदना सहगल और अन्य आयोजकों ने बताया कि तीन दिन चलने वाले लखनऊ वास्तुकला महोत्सव में प्रदर्शनी, संगोष्ठी, कार्यशालाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं, खाद्य महोत्सव आदि विविध प्रकार की गतिविधियां शामिल होंगी। संवाद को मिलेगा बढ़ावा इस कार्यक्रम का उद्देश्य रचनात्मकता को प्रेरित करना, संवाद को बढ़ावा देना और पेशेवर को जोड़ना है। यह महोत्सव ‘आर्किटेक्ट’, ‘डिजाइनरों’, छात्रों और उत्साही लोगों के बीच नेट वर्किंग और ज्ञान के आदान-प्रदान के लिए एक अद्वितीय अवसर प्रदान करेगा। सहगल ने बताया कि यह कार्यक्रम जनता के लिए भी खुला होगा जो निर्माण जगत के बारे में नवीनतम रुझान, प्रथाओं और ज्ञान के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और भौगोलिक सीमाओं से हटकर पेशेवर संबंधों को बढ़ावा दे सकते हैं। उन्होंने बताया कि ‘लखनऊ आर्किटेक्ट एसोसिएशन’ की ओर से आयोजित तैयारी बैठक में प्रख्यात आर्किटेक्ट, इंजीनियर, बिल्डर और विभिन्न उद्योगों से जुड़े लोग शामिल हुए जो एलएएफ 2.O के आयोजन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम के संयोजक वास्तुविद् रजत कांत, वास्तुविद् रंजन शुक्ला और वास्तुविद् अनुपम मित्तल ने विस्तार से कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *