लालसोट में रोडी से भरे डंपर ने टैंपो को टक्कर मार दी। जिससे टैंपो चालक की मौत हो गई। टैंपो चालक करीब आधे घंटे तक केबिन में फंसा रहा। जिसे पुलिस ने बाहर निकाला। हादसा सवाई माधोपुर रोड पर सेडुलाई के पास बुधवार शाम को हुआ। थाने के एएसआई रतिराम मीणा ने बताया कि रोडी से भरा टैंपो लालसोट से सवाई माधोपुर की ओर जा रहा था। इस दौरान सेडुलाई के पास बेकाबू होकर सामने से आ रहे एक टैंपो को टक्कर मार दी। टैंपो में सिर्फ चालक ही था। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंपो का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन के अंदर ही फंस गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत करके टैंपो चालक को बाहर निकाला और एंबुलेंस की सहायता से लालसोट जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। टक्कर मारने के बाद डंपर चालक डंपर को छोड़कर मौके से फरार हो गया। मृतक चालक की पहचान विवेक विहार कॉलोनी जगतपुरा जयपुर निवासी टीकाराम मीणा (30) के रूप में हुई। पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवा कर परिजनों को सूचना दी गई है। फिलहाल क्षतिग्रस्त टैंपो और डंपर को थाने पर लाया गया है । सुबह परिजनों की मौजूदगी में मेडिकल टीम से शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।


