रायसेन जिला अस्पताल में कॉकरोच और अन्य कीड़े मिलने की खबरों के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया। डिजिटल भास्कर पर खबर प्रमुखता से दिखाए जाने के बाद कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने शुक्रवार देर शाम अस्पताल का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने सीएमएचओ और सिविल सर्जन को वार्डों में स्वच्छता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए। कलेक्टर विश्वकर्मा ने कहा कि इलाज के लिए आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने और वार्डों का नियमित भ्रमण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अस्पताल के कई वार्डों का दौरा किया और वहां भर्ती मरीजों से बातचीत भी की। बाल कल्याण समिति ने की शिकायत 11 दिसंबर को जिला बाल कल्याण समिति द्वारा शिकायत मिलने के बाद अस्पताल के प्रसूता और शिशु वार्ड सहित अन्य स्थानों का निरीक्षण किया गया। समिति के सदस्यों ने वार्डों, मरीजों के खाने की बेंच और वाटर कूलर में कॉकरोच और अन्य कीड़े पाए। कारण बताओ नोटिस जारी मामला उजागर होने के बाद मैटर्निटी वार्ड इंचार्ज सरस्वती और शिशु वार्ड इंचार्ज शबाना खान को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, जिसमें तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। सफाई व्यवस्था संभालने वाले चार सुपरवाइजर राजा, अमित, सादिक और रघुराज को चेतावनी पत्र जारी किए गए। कीट नियंत्रण का आदेश पेस्ट कंट्रोल करने वाली मैट्रिक इंटरप्राइजेज को तत्काल अस्पताल भेजकर कीट नियंत्रण करने के आदेश दिए गए हैं। प्रशासन ने अस्पताल में स्वच्छता और रोगियों की सुविधा सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा है।


