प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि आजादी की लड़ाई में हमारे पूर्वजों का भी योगदान रहा है। उन्होंने भी कुर्बानी दी थी। क्रांति के इतिहास में झारखंड के वीर सपूतों के योगदान से युवा वर्ग को परिचित कराने के लिए उनकी जीवनी को झारखंड के पाठ्य पुस्तकों में शामिल करने की मांग मुख्यमंत्री से की जाएगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बुधवार को कांग्रेस भवन में शहीद शेख भिखारी व टिकैत उमराव सिंह के शहादत दिवस पर कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि अपनी बातें रखे रहे थे। इस दौरान दोनों महान विभूतियों के चित्र पर माल्यार्पण कर कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि दी। विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि दोनों महान विभूतियों ने आजादी की लड़ाई में अपने प्राणों की आहुति दी। ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि अंग्रेजों से आजादी दिलाने के लिए हमारे पूर्वजों ने अपनी जिम्मेवारियों का निर्वहन किया है। कार्यक्रम समिति के संयोजक शहजादा अनवर ने कहा कि स्वतंत्रता के लिए सभी धर्म के लोगों ने बलिदान दिया। कार्यक्रम में रांची के आदिल अख्तर एवं गुमला के आफताब आलम लाडले ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इससे पूर्व चुटुपालू घाटी स्थित शहीद स्थल पर जाकर कांग्रेस नेताओं ने दोनों शहीद को श्रद्धांजलि दी। राजद कार्यालय में भी दी गई शहीदों को श्रद्धांजलि रांची | प्रदेश राजद कार्यालय रांची में गुरुवार को शहीद शेख भिखारी व टिकैत उमराव का शहादत दिवस मनाया गया। साथ ही समाजवादी नेता मधु लिमये की पुण्यतिथि भी मनाई गई। राजद नेताओं ने सबके तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रदेश राजद अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने कहा कि शेख भिखारी एवं टिकैत उमराव को अंग्रेजों ने फांसी दे दी थी। इन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ बड़ी लड़ाई लड़ी थी। श्रद्धांजलि देने वालों में गिरधारी गोप, युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष रंजन कुमार यादव, सत्यानंद भोक्ता, मंतोष यादव, डीके सिंह व अन्य मौजूद थे।


