बैतूल जिले के सापना घाट में बैतूल-नागपुर हाईवे पर सापना बांध के पास बीती रात सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक की बाइक अचानक सामने आई नीलगाय से टकरा गई। हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि उसका साथी घायल हुआ है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान पधारू ढाना निवासी अंकित पिता शिवराम (21) के रूप में हुई है। वह ट्रैक्टर चलाने का काम करता था। अंकित अपने साथी विनोद के साथ मुल्ताई में चल रहे ताप्ती मेले में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान सापना बांध के पास अचानक नीलगाय सड़क पर आ गई, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर उससे टकरा गई। एक घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा युवक हादसे में अंकित को गंभीर चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह करीब एक घंटे तक घटनास्थल पर घायल अवस्था में पड़ा रहा। बाद में एम्बुलेंस से उसे जिला अस्पताल बैतूल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में बाइक चला रहा विनोद भी घायल हुआ है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है। समय पर एम्बुलेंस मिलती तो जान बच सकती थी अस्पताल पुलिस चौकी ने घटना का पंचनामा तैयार कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि यदि एम्बुलेंस समय पर पहुंच जाती तो शायद अंकित की जान बचाई जा सकती थी। अंकित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी तीन बहनें हैं। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है।


