दिनदहाड़े पिपलेश्वर महादेव मंदिर से दान पेटी चोरी:मोटरसाइकिल सवार बदमाश सीसीटीवी में कैद हुए

कोटा शहर के मानपुरा स्थित शगुन वाटिका कॉलोनी में बने पिपलेश्वर महादेव मंदिर से दान पेटी चोरी होने का मामला सामने आया है। यह घटना रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र की है, जहां दिनदहाड़े दो शातिर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। चोरी की पूरी घटना मंदिर के आगे मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें बदमाश मोटरसाइकिल पर आते और दान पेटी लेकर फरार होते नजर आ रहे हैं। घटना 12 दिसंबर शाम करीब 4:30 बजे की है। कॉलोनी सचिव विशाल यादव ने बताया कि बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक कॉलोनी में दाखिल हुए और सीधे मंदिर पहुंचे। कुछ ही देर में उन्होंने मंदिर में रखी दान पेटी उठाई और मौके से फरार हो गए। दान पेटी में करीब 15 से 20 हजार रुपये की राशि होने का अनुमान है, जो मंदिर के रख-रखाव और धार्मिक कार्यों के लिए एकत्र की गई थी। इस चोरी की घटना से कॉलोनीवासियों में आक्रोश के साथ-साथ भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि मंदिर जैसी पवित्र जगह पर चोरी से उनकी धार्मिक आस्था को ठेस पहुंची हैं। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। कॉलोनी अध्यक्ष जी.एल. मीणा सहित अन्य लोगों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *