राजसमंद में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर शनिवार को राजसमंद जिले में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों में उप मुख्यमंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा भाग लेंगे। डॉ. बैरवा जयपुर से भीलवाड़ा होते हुए सायं 4 बजे राजसमंद सूचना केंद्र परिसर पहुंचेंगे। यहां वे जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों राजसमंद, नाथद्वारा, भीम एवं कुंभलगढ़ के लिए तैयार विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। ये विकास रथ जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत तक पहुंचकर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं दो वर्षों की उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएंगे। इसके बाद उप मुख्यमंत्री सड़क सुरक्षा अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में भाग लेकर उपस्थित जनों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाएंगे। इसके बाद वे सड़क सुरक्षा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह रैली सूचना केंद्र से प्रारंभ होकर बालकृष्ण स्टेडियम पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। कार्यक्रमों के बाद डॉ. प्रेमचंद बैरवा सूचना केंद्र परिसर में राज्य सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों को लेकर प्रेस ब्रीफिंग करेंगे। इसके बाद वे जोधपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।


