भले ही पंजाब सरकार के नोटिफिकेशन के बाद आप विधायकों के बेटे और भाई मेयर की रेस से बाहर हो गए हैं लेकिन सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर में इनकी लॉटरी खुल सकती है। सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के लिए मजबूत आधार रखने वाले पार्षदों के नामों की सूची भी हाईकमान के पास पहुंची है। मकर संक्रांति तक मेयर के नाम पर अंतिम मुहर लग सकती है। पंजाब सरकार ने लुधियाना मेयर की सीट महिला के लिए रिजर्व कर दी है। ऐसे में मेयर की दावेदारी करने वाले कुछ पार्षद इस रेस से बाहर हो गए हैं। आप बहुमत के नजदीक है जिसके चलते वह मेयर बनाने के दावे कर रही है। कांग्रेस भी अपना प्रत्याशी उतारने का मन बना चुकी है जबकि भाजपा विपक्ष में बैठने का निर्णय ले चुकी है। जानकारों की मानें तो मकर संक्रांति यानी 14 जनवरी तक नए मेयर के नाम पर मुहर लग सकती है। वहीं, सीनियर डिप्टी मेयर के लिए पार्षद राकेश पराशर का नाम आगे है। जबकि आप विधायक कुलवंत सिद्धू के बेटे युवराज सिंह और विधायक मदनलाल बग्गा के बेटे अमन बग्गा में से एक को डिप्टी मेयर का पद मिल सकता है। मेयर बनने के लिए वोटिंग हो सकती लुधियाना से पार्षद निधि गुप्ता, अमृत वर्षा रामपाल, इंद्रजीत कौर, महक टीना, उषा कल्याण मेयर बनने की रेस में हैं। जानकारों की मानें तो आप संगठन की ओर से नामों की लिस्ट हासिल कर मंथन किया जा रहा है। जल्द ही आप के वरिष्ठ नेता मेयर का नाम फाइनल कर सकते हैं। इसे लेकर विधायक गुरप्रीत गोगी, मदनलाल बग्गा, अशोक पाराशर पप्पी, दलजीत ग्रेवाल आदि विधायकों से भी रायशुमारी की गई है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रधान अमर अरोड़ा ने आप विधायकों से भी पूछा है। आप के पास इस समय 43 पार्षद हैं जबकि मेयर बनाने के लिए 48 पार्षदकी जरूरत है। विधायकों को सदस्यों के रूप में शामिल जाए तो 52 का बहुमत चाहिए। इसके बाद भी आप के पास बहुमत नहीं है। ऐसी स्थिति में बहुमत साबित करने के लिए वोटिंग करवाई जा सकती है।


