लोहड़ी से पहले बाजारों में बढ़ी चहल-पहल, सांचे से निकली खजूरों पर चढ़ने लगा कारीगरी का रंग

भास्कर न्यूज | अमृतसर लोहड़ी पर्व को लेकर बाजार सजकर तैयार हो चुके हैं। बाजारों में खूब चहल-पहल चल रही है। लोहड़ी के पारंपरिक त्यौहार के दौरान अमृतसर की लगभग हर मिठाई की दुकान में खजूर तैयार करने की सदियों पुरानी परंपरा चल रही है। सर्दियों के व्यंजनों में से एक खजूर सरल और बहुत कम सामग्री जैसे सफेद आटा, मक्खन और चीनी का इस्तेमाल कर तैयार की जाती है। लोग दूर-दराज रहने वाली अपनी बेटियों और अन्य संगे-संबंधियों को उपहार देने के लिए कपड़े, मिठाई, गहने, ड्राईफ्रूट, मूंगफली, गज्जक, रेवड़ियां, बिस्कुट आदि की खरीदारी जमकर कर रहे हैं। अमृतसर की मशहूर देसी घी की खजूर को लेकर लोग काफी उत्साहित होते हैं और बाजारों में मिठाई की दुकानों पर कारीगरों ने इसे बनाना शुरू कर दिया है। दुकानदार ने बताया कि देसी घी वाली खजूर 520 रुपए किलो है, जबकि आम घी वाली खजूर 280 रुपए किलो है। दूसरी तरफ शहर में जगह-जगह पर दूसरे प्रदेशों से आए लोग मूंगफली व अन्य खाद्य पदार्थ बेचकर खूब मुनाफा कमा रहे हैं। उनका मानना है कि पंजाब में लोहड़ी पर्व बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। लोग मूंगफली सहित गज्जक, रेवड़ी आदि खूब खरीदते हैं। मूंगफली के विक्रेता जनकराज ने बताया कि मूंगफली और गज्जक की खरीदारी बहुत तेजी हो रही है। पिछले वर्ष के मुकाबले मूंगफली, गज्जक और रेवड़ी महंगी है। लेकिन फिर भी लोग खरीददारी कर रहे हैं। बाजार में इस समय मूंगफली 120 से 150 किलो तक बिक रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *