धौलपुर में शुक्रवार रात हिंगोटा गांव के पास जानवर को बचाने के प्रयास में एक बाइक बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई और उसके दो रिश्तेदार घायल हो गए। जानकारी के अनुसार आगरा के मलपुरा निवासी मनीष (22) अपने दो रिश्तेदार राम अवतार (29) और जय किशन (30) के साथ बाइक से बसेड़ी में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। तीनों आगरा के निवासी थे। हिंगोटा गांव के पास अचानक बाइक के सामने एक जानवर आ गया। उसे बचाने की कोशिश में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


