इंदरगढ़ मंडी में धान खरीदी पर संकट:पेसरों से मारपीट-धमकी के आरोप, व्यापारियों ने काम बंद किया

दतिया में इंदरगढ़ कृषि उपज मंडी में धान खरीदी के दौरान गंभीर विवाद सामने आया है। व्यापारियों ने आरोप लगाया है कि ग्राम पहाड़ी रावत निवासी महेन्द्र सिंह और सुगर सिंह द्वारा मंडी परिसर में उनके धान के पेसरों के साथ मारपीट का प्रयास, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। शनिवार दोपहर व्यापारियों द्वारा मंडी सचिव को दिए गए लिखित आवेदन के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार (12 दिसंबर) की है। आरोप है कि दोनों आरोपियों ने लाठी से पेसरों पर हमला करने की कोशिश की। इस पूरी घटना के प्रत्यक्ष साक्ष्य व्यापारियों के पास मौजूद हैं और मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी घटना कैद बताई जा रही है। घटना के बाद भय के माहौल में सभी व्यापारी पेसर शाम को ही अपने-अपने घर लौट गए, जिससे मंडी में धान खरीदी पूरी तरह ठप हो गई है। पेसर न होने के कारण व्यापारी फिलहाल धान खरीदने में असमर्थ हैं। व्यापारियों ने मंडी सचिव से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए जब तक सभी व्यापारी पेसर सुरक्षित रूप से वापस काम पर नहीं लौटते, तब तक मंडी का अवकाश घोषित किया जाए। मामले को लेकर मंडी क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। वहीं मंडी सचिव ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *