दतिया में बड़ौनी थाना अंतर्गत रिछारी गांव में खेत की मेढ़ काटने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प और देर रात हवाई फायरिंग तक पहुंच गया। घटना में एक युवक के साथ मारपीट की गई, वहीं रात में आरोपियों ने फायरिंग कर दी, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। शुक्रवार रात पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, अंकित यादव (26) पिता दीनानाथ यादव, निवासी रिछारी ने शिकायत दर्ज कराई है। अंकित ने बताया कि 12 दिसंबर को दोपहर करीब 2.30 बजे वह अपने चाचा हरगोविंद यादव के सामने टंकी के पास अपने खेत में पानी दे रहा था। उसी दौरान गांव के मुलायम यादव, मोंटी यादव और मनीष यादव उसके खेत की मेढ़ काट रहे थे। जब अंकित ने इसका विरोध किया और गाली-गलौज करने से मना किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित के अनुसार, मुलायम यादव और मोटी यादव ने लाठी डंडों से मारपीट की। आरोप है कि इसी रंजिश को लेकर उसी दिन रात करीब 10 बजे मुलायम यादव, मोंटी यादव, मनीष यादव और कल्याण यादव उसके घर के बाहर फायरिंग की। थाना प्रभारी दिनेश राजपूत ने बताया कि आरोपियों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


