नरसिंहपुर में करेली मंडी में 205 बोरी सड़ा मक्का जब्त:लावारिस पड़े अनाज पर मंडी प्रशासन ने की कार्रवाई

नरसिंहपुर जिले की करेली कृषि उपज मंडी में शनिवार को मंडी प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। नियमों के उल्लंघन और अव्यवस्था के चलते निरीक्षण के दौरान 205 बोरी सड़ा हुआ मक्का जब्त किया गया। इस कार्रवाई से मंडी परिसर में हड़कंप मच गया। मंडी सचिव और उनकी टीम ने निरीक्षण के दौरान पाया कि मंडी परिसर में शेड के भीतर कई दिनों से मक्के की बोरियां अव्यवस्थित ढंग से रखी हुई थीं। इससे न केवल मंडी की साफ-सफाई प्रभावित हो रही थी, बल्कि किसानों के अनाज की बोली प्रक्रिया में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी। कार्रवाई के दौरान शेड नंबर–1 में लगभग 200 से अधिक बोरी मक्का लावारिस अवस्था में मिला। जांच करने पर यह मक्का पूरी तरह सड़ा-गला पाया गया, जिससे तेज दुर्गंध फैल रही थी। मंडी सचिव ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मक्के को जब्त करने के आदेश दिए और मौके पर ही पंचनामा तैयार कराया। जब्त की गई मक्का की कुल संख्या 205 बोरी बताई गई है। मंडी सचिव ने संबंधित व्यापारियों को सख्त समझाइश देते हुए कहा कि मंडी के निर्धारित नियमों का पालन अनिवार्य है। शेडों में माल को अव्यवस्थित तरीके से रखने से किसानों को नुकसान होता है और पारदर्शी बोली प्रक्रिया प्रभावित होती है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंडी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की अनियमितताओं पर निरंतर निगरानी रखी जाएगी और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य मंडी में स्वच्छ वातावरण बनाए रखना और किसानों को निष्पक्ष, सुरक्षित एवं सुचारू व्यवस्था के तहत अपनी उपज बेचने का पूरा लाभ दिलाना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *