जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय में बीएससी द्वितीय सेमेस्टर के हाल ही में जारी परिणामों में अनियमितता सामने आई है। छात्रों का आरोप है कि 12 दिसंबर को जारी किए गए परिणाम में फिजिक्स विषय में लगभग 95 प्रतिशत विद्यार्थियों को अनुत्तीर्ण घोषित कर दिया गया। वहीं अनेक ऐसे विद्यार्थियों को भी अनुपस्थित दर्शा दिया गया जो परीक्षा में नियमित रूप से उपस्थित थे। इसको लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) जेएनवीयू इकाई ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए कार्यवाहक रजिस्ट्रार को ज्ञापन सौंपा। एबीवीपी ने ज्ञापन में मांग की कि परिणाम की तत्काल पुनः जांच कर त्रुटिरहित परिणाम शीघ्र जारी किया जाए, ताकि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ हो रहे अन्याय को रोका जा सके। संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही परिणाम में सुधार नहीं किया गया तो परिषद उग्र आंदोलन करेगी। ये रहे मौजूद एबीवीपी कार्यकर्ता जोधपुर शहर विभाग संयोजक ललित दाधीच के नेतृत्व में प्रदर्शन करने पहुंचे । इस दौरान इकाई सह सचिव यश शर्मा, इकाई उपाध्यक्ष गौतम भाटी, स्वरूप प्रजापत, कुलदीप बेनीवाल, कुलदीप सिंह, दौलत सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता और विद्यार्थी उपस्थित रहे।


