डीडवाना कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की चारों इकाइयों द्वारा द्वितीय एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. मनीषा गोदारा ने स्वयंसेवकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाकर किया। उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने और समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर डॉ. अंतिमा अग्रवाल ने साइबर सुरक्षा विषय पर विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, मजबूत पासवर्ड के महत्व और व्यक्तिगत जानकारी को सुरक्षित रखने के उपायों पर प्रकाश डाला। इसके बाद, पूर्व एनएसएस स्वयंसेवक मो. हुसैन आफरीदी, प्रदीप और दीपक नाथ ने साइबर सुरक्षा से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि कैसे छोटी-सी लापरवाही बड़े नुकसान का कारण बन सकती है और सजगता अपनाकर साइबर अपराधों से बचा जा सकता है। ‘नई किरण – नशा मुक्त भारत अभियान’ के संयोजक प्रो. छोटाराम मेघवाल ने स्वयंसेवकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी और युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में स्वयंसेवकों ने कॉलेज परिसर में श्रमदान किया। इस दौरान एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कुलदीप शर्मा, प्रो. आशीष जिंजवाडिया, डॉ. तृप्ति सिंघल सहित अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे।


