सागर के मकरोनिया चौराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने सिटी बस को पकड़ा है। बस के दस्तावेजों की जांच की तो न तो फिटनेस मिला और न ही परमिट, पीयूसी सर्टिफिकेट और बीमा। पुलिस ने दस्तावेज नहीं होने पर सिटी बस को जब्त कर लिया है। मामले में चालानी कार्रवाई कर कोर्ट भेजा गया है। सागर में सिटी बसों का संचालन शुरू किया गया था लेकिन कुछ महीनों से शहर में सिटी बसों का आमजनता के लिए संचालन बंद है। ऐसे में सिटी बस संचालित करने वाली कंपनी बसों को निजी और अन्य कार्यक्रमों में संचालित कर रही है। इसी बीच यातायात पुलिस को शिकायत मिली कि शहर में दौड़ रही सिटी बसों के दस्तावेज नहीं है। नियमों का उल्लंघन कर बसों का संचालन किया जा रहा है। इसी के तहत यातायात पुलिस ने मकरोनिया चौराहे पर चेकिंग के दौरान सिटी बस को रोका। ड्राइवर से बस के दस्तावेज मांगे। एसआई हेमंत पटेल ने बताया कि जांच के दौरान सिटी बस क्रमांक एमपी 15 जेडसी 8819 के दस्तावेज होना नहीं पाए गए। बस बगैर परमिट, फिटनेस, बीमा और पीयूसी सर्टिफिकेट के संचालित हो रही थी। ऐसे में कार्रवाई करते हुए बस को जब्त कर थाने में खड़ा कराया गया है। मामले में बस ड्राइवर को 25 हजार रुपए के समन शुल्क की पेंडिंग रसीद काटकर न्यायालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। केस बनाकर कोर्ट में पेश किया जा रहा है।


