खरगोन में 8400 किसानों की कपास स्लॉट बुकिंग:नई 4 सप्ताह की व्यवस्था से गति बढ़ी, 9 जनवरी तक फुल

भारतीय कपास निगम (सीसीआई) ने समर्थन मूल्य पर कपास बेचने की प्रक्रिया में किसानों को बड़ी राहत दी है। स्लॉट बुकिंग की समय सीमा बढ़ाकर चार सप्ताह करने के बाद खरगोन केंद्र पर 24 घंटे में 8400 किसानों ने स्लॉट बुक कराए हैं। नई व्यवस्था के तहत 9 जनवरी तक के सभी स्लॉट पूरी तरह से बुक हो चुके हैं। इससे पहले, किसानों को स्लॉट बुकिंग में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जिला प्रशासन ने इस समस्या को लेकर सीसीआई को पत्र भी भेजा था। पुरानी व्यवस्था में स्लॉट बुकिंग के लिए पहले सप्ताह में केवल एक दिन मिलता था, जिसे बाद में बढ़ाकर सोमवार से शुक्रवार किया गया। हालांकि, इस बढ़ी हुई अवधि में भी एक मिनट के भीतर ही 400 स्लॉट बुक हो जाते थे, जिससे कई किसान कपास बेचने से वंचित रह जाते थे। इस स्थिति से किसानों में काफी नाराजगी थी। खरगोन जिले में कुल 55 हजार किसानों ने समर्थन मूल्य पर कपास खरीदी के लिए पंजीयन कराया है। जिले में सीसीआई द्वारा 9 केंद्रों पर कपास की खरीदी की जा रही है। प्रदेश में खरगोन केंद्र पर ही 22 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है। अब तक, 7 हजार किसान 1.75 लाख क्विंटल कपास बेच चुके हैं। जिले में वर्ष 2024 में 1.85 लाख हेक्टेयर में कपास की खेती हुई थी, जबकि इस साल यह बढ़कर 1.90 लाख हेक्टेयर हो गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *