जामताड़ा में साइबर ठगी का खुलासा:केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

जामताड़ा पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना जामताड़ा की टीम ने की। पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में एक टीम ने जामताड़ा थाना क्षेत्र के ब्लॉक रोड स्थित कृष्णकुंज मोहल्ले में बासुदेव दास (33) के आवास पर छापा मारा। आरोपी बासुदेव दास, जो कमल किशोर दास का पुत्र है और ग्राम सुगापहाड़ी, थाना करमाटाड़, जिला जामताड़ा का निवासी है, को साइबर अपराध करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। केवाईसी अपडेट या रिन्यूअल के नाम पर फोन करता था छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 10 मोबाइल फोन, 8 सिम कार्ड, 15 एटीएम कार्ड, 10 चेकबुक, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड और एक वोटर कार्ड बरामद किए। प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी एक्सिस बैंक सहित अन्य बैंकों के खाताधारकों को केवाईसी अपडेट या रिन्यूअल के नाम पर फोन करता था। वह पीड़ितों के मोबाइल में स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड करवाकर उनकी गोपनीय जानकारी हासिल कर ठगी करता था। इस संबंध में जामताड़ा साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 73/25, दिनांक 13.12.2025 को दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का कार्यक्षेत्र मुख्य रूप से झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल तक फैला हुआ था। मामले की आगे की जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *