नर्सिंग होम की महिला स्टाफ की मौत, सुभाष चौक जाम:रामगढ़ में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया, न्याय-मुआवजे की मांग

रामगढ़ के सुभाष चौक पर शनिवार को उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब बरेलिया नर्सिंग होम की कर्मचारी लवली कुमारी के परिजनों ने उनकी मौत के बाद न्याय और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी। लवली कुमारी पिछले दो वर्षों से इस नर्सिंग होम में कार्यरत थीं। लवली कुमारी का शव बीते कल एक किराए के मकान में फंदे से लटका हुआ पाया गया था। उनके साथ रहने वाली नर्सिंग होम की अन्य कर्मचारियों ने इसकी सूचना नर्सिंग होम के मालिक डॉ. राहुल बरेलिया को दी। इसके बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। नर्सिंग होम प्रबंधन पर कई तथ्यों को छिपाने का आरोप भी लगाया परिजनों ने आरोप लगाया है कि उन्हें लवली की मौत की जानकारी समय पर नहीं दी गई। उन्होंने नर्सिंग होम प्रबंधन पर कई तथ्यों को छिपाने का आरोप भी लगाया। परिजनों के अनुसार, जब उन्होंने मृतक लवली कुमारी का मोबाइल फोन देखा तो वह रीसेट किया हुआ था। परिजनों ने इस घटना को हत्या बताया है। न्याय न मिलने का आरोप लगाते हुए लवली कुमारी के परिजनों ने आज रामगढ़ के सुभाष चौक पर प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी। मृतक लवली कुमारी की मां सुनता देवी ने अपनी बेटी की मौत की निष्पक्ष जांच और उचित मुआवजे की मांग की है। घटना की सूचना मिलने पर रामगढ़ के एसडीओ गोपीनाथ तिवारी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। रामगढ़ पुलिस भी मौके पर मौजूद है और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास कर रही है। इस जाम के कारण सुभाष चौक पर यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *