गिरिडीह में सड़क हादसा, महिला की मौत:पीरटांड़ में कार ने बाइक सवार दंपती को मारी टक्कर, पति गंभीर रूप से जख्मी

गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र के पांडेडीह के पास शनिवार को एक सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, बगोदर थाना क्षेत्र के अटका निवासी सुधीर कुमार राणा अपनी पत्नी चमेली देवी के साथ बाइक से गिरिडीह जा रहे थे। वे दोनों गिरिडीह कोर्ट में लोक अदालत के किसी काम से जा रहे थे। पीरटांड़ थाना क्षेत्र के पांडेडीह के पास पीछे से आ रहे कार ने ओवरटेक करने के दौरान उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई और पति-पत्नी दूर जा गिरे। इस दुर्घटना में सुधीर राणा की पत्नी चमेली देवी को गंभीर चोटें आईं और उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, सुधीर राणा को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें लगीं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। दोनों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चमेली देवी को मृत घोषित कर दिया। घायल सुधीर राणा का इलाज सदर अस्पताल में जारी है। सूचना मिलते ही पीरटांड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सड़क पर बिखरे वाहन के हिस्सों को हटाकर यातायात सामान्य कराया। दुर्घटनाग्रस्त बाइक और कार को जब्त कर थाने भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मृतका के परिजनों को घटना की सूचना मिलने पर वे अस्पताल पहुंचे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *