टीकमगढ़ में प्राचार्य से मारपीट; छात्र कॉलेज से निष्कासित:स्टाफ काउंसिल ने लिया फैसला, तीन दिन पहले किया था हमला

टीकमगढ़ में शासकीय पीएमश्री पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. केसी जैन से मारपीट के मामले में आरोपी छात्र को कॉलेज से निष्कासित कर दिया गया है। यह निर्णय शनिवार को आयोजित कॉलेज की स्टाफ काउंसिल की बैठक में लिया गया। एमएससी फर्स्ट सेमेस्टर के छात्र प्रबल शुक्ला पर प्राचार्य से मारपीट का आरोप है। कॉलेज प्रबंधन द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि छात्र लगातार अनुशासनहीनता कर रहा था। 9 दिसंबर को शाम 5:15 बजे, जब प्राचार्य शासकीय कार्य से कलेक्ट्रेट जा रहे थे, तब कॉलेज से 200 मीटर दूर उनकी गाड़ी रोककर प्रबल शुक्ला ने अपने साथियों के साथ उन पर हमला किया। हमले के दौरान प्राचार्य के साथ मारपीट की गई, उन्हें गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस घटना की सूचना सिटी कोतवाली में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने प्रबल शुक्ला के खिलाफ बीएनएस की धारा 352, 115(2) और 126(2) के तहत मामला दर्ज किया है। स्टाफ काउंसिल की बैठक में इस आपराधिक घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। स्टाफ ने आशंका जताई कि यदि छात्र प्राचार्य पर हमला कर सकता है, तो अन्य स्टाफ सदस्यों में भी भय का माहौल है। छात्र के लगातार अनुशासनहीनता और अभद्र व्यवहार से महाविद्यालय का पठन-पाठन प्रभावित हो रहा था। छात्र की उग्र और उद्दंड प्रवृत्ति को देखते हुए, स्टाफ काउंसिल ने सर्वसम्मति से प्रबल शुक्ला (एमएससी प्रथम सेमेस्टर, भौतिकशास्त्र) का प्रवेश रद्द करते हुए उसे कॉलेज से निष्कासित करने का फैसला किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *