बालाघाट में धान खरीदी केंद्रों पर अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई हैं। विधायक विवेक पटेल ने भेंडारा और कोस्ते स्थित धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान विधायक ने खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया और किसानों से बातचीत की। किसान बोले-केंद्रों से फटे-पुराने बारदाने मिल रहे किसानों ने उन्हें बताया कि मानक के अनुसार धान रिजेक्ट किया जा रहा है और केंद्रों से फटे-पुराने बारदाने मिल रहे हैं। इस पर विधायक ने केंद्र प्रभारी को किसानों को परेशान न करने के निर्देश दिए। विधायक विवेक पटेल ने कहा कि किसानों को समय पर खाद नहीं मिल रही है और अतिवृष्टि से खराब हुई फसल का मुआवजा भी नहीं मिला है। उन्होंने सदन में भी किसानों के मुद्दों को उठाया है। कलेक्टर ने मगरदर्रा केंद्र प्रभारी को किया निलंबित इस बीच, कलेक्टर मृणाल मीना ने धान खरीदी में गड़बड़ी पाए जाने पर मगरदर्रा केंद्र प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने बिरसा के कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी को खरीदी केंद्रों का निरीक्षण न करने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए। मेसर्स पंकजम इंटरप्राइजेज के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश कलेक्टर ने बालाघाट और लालबर्रा के खरीदी केंद्रों से धान का परिवहन न करने पर अनुबंधित परिवहनकर्ता मेसर्स पंकजम इंटरप्राइजेज के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर मीना ने सख्त हिदायत दी है कि जिले के किसी भी केंद्र पर व्यापारी या बिचौलिए का धान किसान के नाम पर नहीं खरीदा जाना चाहिए। ऐसा पाए जाने पर दोषी व्यक्ति के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाएगी।


