दौसा की सभी विधानसभाओं में पहुंचे विकास रथ:प्रभारी मंत्री बोले- प्रदेश हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू रहा, उद्योग लगने से मिलेगी विकास को रफ्तार

राज्य सरकार के कार्यकाल को दो साल पूरे होने पर शनिवार को जिला प्रभारी मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने दौसा कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस वार्ता कर सरकार द्वारा कराए जा रहे विकास कार्य गिनाए। उन्होंने कहा- राज्य हर क्षेत्र में ऊंचाइयां छू रहा है और प्रदेश के भविष्य के साथ हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए काम कर रही है। मंत्री ने कहा कि बिजली, पानी, चिकित्सा, शिक्षा और सड़क के क्षेत्र में बेहतरीन काम हो रहा है। एक ओर युवाओं के लिए सरकारी नौकरियां निकाली जा रही हैं तो दूसरी ओर उद्यमियों और प्रवासियों द्वारा राइजिंग राजस्थान के तहत रोजगार को बढावा देने के लिए सरकार के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इससे विकास को रफ्तार मिलेगी। जिला प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने कार्यकाल के शुरुआती दो साल में ही महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णय कर उनकी धरातल पर बेहतर क्रियान्विति की है, जिससे राजस्थान देश में बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट बनकर उभरा है। सिर्फ दो साल में ही जनता से किए संकल्पों में से 70 फीसदी संकल्प पूर्ण कर दिए हैं या प्रगतिरत है। उद्योगों के लिए भूमि आवंटित उन्होंने कहा कि जिले की विशिष्ट भौगोलिक स्थिति के कारण राइजिंग राजस्थान का सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा। यहां दौसा-बांदीकुई नगर सुधार न्यास का गठन कर बहुउद्देशीय आवासीय योजना की अधिसूचना जारी कर दी गई है और इण्डस्ट्रीयल एण्ड लॉजिस्टिक हब एवं स्टोन मण्डी के लिए रीको को भूमि आवंटित कर दी गई है। इससे यहां बड़े उद्योग लगने के साथ असंख्य छोटे-बड़े उद्यम विकसित होंगे और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। विकास रथ रवाना किए कार्यक्रम के बाद मंत्री ने पांचों विधानसभा क्षेत्रों के पांच विकास रथों को भी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान महवा विधायक राजेंद्र मीणा, बांदीकुई विधायक भागचंद टांकड़ा, लालसोट विधायक रामबिलास मीणा, सिकराय विधायक विक्रम बंशीवाल, कलेक्टर देवेन्द्र कुमार, एसपी सागर राणा, पूर्व मंत्री वीरेन्द्र मीणा, कन्हैयालाल मीणा, पूर्व विधायक शंकरलाल शर्मा, जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रैला, जगमोहन मीणा, भाजपा संगठन प्रभारी सोमकांत शर्मा समेत जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *