बारां में ‘बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत’ कार्यक्रम शुरू:प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी

बारां में जिला प्रशासन और महिला अधिकारिता विभाग ने ‘बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत’ कार्यक्रम और 100 दिवसीय जन जागरूकता अभियान शुरू किया है। इस कार्यक्रम का उद्घाटन जिला प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी ने किया। राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान, मंत्री ओटाराम देवासी ने बाल विवाह उन्मूलन पर आधारित नुक्कड़ नाटक देखा। उन्होंने समाज को बाल विवाह जैसी कुरीति से मुक्त करने का संदेश देते हुए ‘बाल विवाह मुक्त भारत / ग्राम पंचायत जागरूकता रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विधायक डॉ. ललित मीणा, विधायक राधेश्याम बैरवा, जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु, अतिरिक्त जिला कलेक्टर भंवर लाल जनागल सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि NFHS-5 के अनुसार, बारां जिला बाल विवाह की दृष्टि से उच्च जोखिम वाली श्रेणी में आता है। इसी को ध्यान में रखते हुए, जिला प्रशासन और महिला अधिकारिता विभाग ने जिले को बाल विवाह से मुक्त करने के उद्देश्य से व्यापक जन जागरूकता कार्यक्रम चलाने का निर्णय लिया है। जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर के निर्देश पर 100 दिवसीय जन जागरूकता अभियान भी शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत शिक्षण संस्थानों, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं, ग्राम सभाओं, नगर पालिकाओं और नगरीय निकायों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। यह अभियान बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत राष्ट्रीय स्तर पर तीन चरणों में 27 नवंबर से 8 मार्च 2026 तक संचालित ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ का हिस्सा है। वक्ताओं ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सशक्तिकरण के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने समाज से बाल विवाह उन्मूलन में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की तथा ‘बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत’ के लक्ष्य को जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *