मोहन सरकार का 2 साल का रिपोर्ट कार्ड पेश:प्रभारी मंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और कानून-व्यवस्था में सुधार का किया दावा

मध्य प्रदेश की मोहन सरकार ने अपने दो साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया। जिले की प्रभारी मंत्री संपत्तियां उइके ने शनिवार को कलेक्टर सभा कक्ष में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इस दौरान क्षेत्रीय सांसद अनीता चौहान और भाजपा जिला अध्यक्ष मकू परवाल भी उपस्थित रहे। प्रभारी मंत्री ने बताया कि मोहन सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, जल सहित प्रदेश में कानून-व्यवस्था को बेहतर किया है। इसी क्रम में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक भी आयोजित की गई। कलेक्टर माथुर ने जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में जिले की पिछले दो वर्षों की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने आगामी वर्ष की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की, जिसमें सभी विभाग अधिकारियों ने जिले में संचालित योजनाओं के बारे में विभागवार विवरण प्रस्तुत किया। बैठक के दौरान, प्रभारी मंत्री उइके ने प्रधानमंत्री सड़क योजना से संबंधित अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों और अन्य सड़कों को चिह्नित किया जाए, जहां निर्माण की अधिक आवश्यकता है। इन सड़कों का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर ग्रामीणों के हित में ‘फलिया-सड़क’ के माध्यम से हर क्षेत्र के फलियों में सड़कों का निर्माण कर जिले के विकास को गति देने पर जोर दिया। प्रभारी मंत्री उइके ने जिला हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों को भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में सर्किट हाउस का नक्शा तैयार कर वरिष्ठ कार्यालय से स्वीकृति प्राप्त की जाए। निर्माण से संबंधित सभी आवश्यक कार्यवाही पूरी की जाए और यदि कोई बाधा आती है, तो मुख्यालय या उन्हें सूचित किया जाए। उन्होंने सभी कागजी कार्यवाही पूर्ण कर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने को कहा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए मंत्री ने ब्लॉक स्तर के सभी चिकित्सालयों में चिकित्सा अधिकारियों की नियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, आवश्यकतानुसार मशीनों की पूर्ति और उनके नियमित संचालन को भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि ग्रामीणों को समय पर उपचार मिल सके और उन्हें कहीं और जाने की आवश्यकता न पड़े।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *