नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा स्थित जैन मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के तीन छत्र बरामद किए गए हैं। गाडरवारा निवासी राकेश जैन ने 5 दिसंबर को श्री दिगंबर तारणतरण चैत्यालय जैन मंदिर से चांदी का छत्र चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर गाडरवारा थाने में धारा 331(4) और 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस टीम ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों का संकलन किया। मुखबिर की सूचना के आधार पर बस स्टैंड के पीछे से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने मंदिर का ताला तोड़कर चांदी के तीन छत्र चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी सुमित उर्फ मलाई उर्फ समृद्ध कोरी, पिता सीताराम कोरी, निवासी हनुमान वार्ड गाडरवारा को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से लगभग 16 हजार रुपए कीमत के चांदी के तीनों छत्र जब्त किए गए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है।


