मऊगंज में PM आवास ढहाया, दबंगों ने ट्रैक्टर से गिराया:जमीनी विवाद में 50 हजार का नुकसान; पीड़ित परिवार एसपी कार्यालय पहुंचा

मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद के चलते प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे एक मकान को ट्रैक्टर से ढहा दिया गया। बहेरा कोठार गांव में शुक्रवार देर रात हुई इस घटना के बाद पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित सजीव कुशवाहा (25) पुत्र रामअनुग्रह कुशवाहा ने पुलिस को बताया कि उनके पिता के नाम पर प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि स्वीकृत हुई थी। वे अपने पुराने कच्चे मकान का कुछ हिस्सा तोड़कर नया आवास बना रहे थे। घटना के समय लगभग 7 फीट ऊंची दीवार का निर्माण हो चुका था। शिकायत के अनुसार, पड़ोसी कैलाश तिवारी और उनके परिवार ने रास्ते के विवाद को लेकर आपत्ति जताई थी। शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे कैलाश तिवारी का बेटा सुमित तिवारी अपने सोनालिका ट्रैक्टर के साथ रावेन्द्र तिवारी और अनुराग विश्वकर्मा के साथ पीड़ित के घर के सामने पहुंचा। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए ट्रैक्टर से निर्माणाधीन मकान में टक्कर मार दी, जिससे दीवार ढह गई। इस घटना में करीब 50 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। मौके से फरार आरोपी पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और ग्रामीण बाहर आए, तो आरोपी ट्रैक्टर मौके पर छोड़कर फरार हो गए। रात होने और आवागमन के साधन न मिलने के कारण पीड़ित परिवार ने अगले दिन थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आरोपों को सही पाया। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब घटना के बाद से फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। मामला दर्ज होने के बाद, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार दोपहर 3 बजे पीड़ित परिवार मऊगंज स्थित एसपी कार्यालय भी पहुंचा। हालांकि, क्राइम मीटिंग के कारण वे एसपी से मुलाकात नहीं कर सके। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *