राज्य सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर शनिवार को फलोदी नगर परिषद परिसर से जिला स्तरीय कार्यक्रम ‘बढ़ता राजस्थान–हमारा राजस्थान’ और सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर अजय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रजराज सिंह चारण, एसीईओ गौतम चौधरी, उपखंड अधिकारी पूजा चौधरी, जिला परिवहन अधिकारी विनोद कुमार लेगा और परिवहन निरीक्षक दिनेश बोहरा ने हरी झंडी दिखाकर विकास रथों को रवाना किया। एसीईओ गौतम चौधरी ने बताया कि ‘बढ़ता राजस्थान–हमारा राजस्थान’ विकास रथ जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे। इन मोबाइल एलईडी रथों के माध्यम से राज्य सरकार के पिछले दो वर्षों के उल्लेखनीय विकास कार्यों, लोक कल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। इसी क्रम में परिवहन विभाग द्वारा एक ऑटो/वाहन रैली का भी आयोजन किया गया, जिसे ध्वज दिखाकर रवाना किया गया। ये रैली नगर परिषद परिसर से शुरू होकर मेजर शैतान सिंह स्टेडियम पर समाप्त हुई, जिसका उद्देश्य सड़क सुरक्षा का संदेश देना था। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने इस दौरान आमजन से यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन का आह्वान किया। इस रैली में जनप्रतिनिधि मेघराज कल्ला, शिव पंचारिया, महिपाल कोठारी सहित कई शहरवासी शामिल हुए।


