सलूंबर में सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को अभियान के तहत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली जिला परिवहन कार्यालय सलूंबर की ओर से निकाली गई। रैली को जिला कलेक्ट्री से कैबिनेट मंत्री राजस्व एवं उपनिवेशन विभाग हेमंत मीणा, सलूंबर विधायक शांता देवी, जिला कलेक्टर अवधेश मीणा और सलूंबर जिला पुलिस अधीक्षक राजेश यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ऑटो रैली शहर के प्रमुख मार्गों जैसे बस स्टैंड, बाजार क्षेत्र और मुख्य चौराहों से होकर गुजरी। रैली के दौरान ‘हेलमेट पहनें, जीवन बचाएं’, ‘सीट बेल्ट है जरूरी’ और ‘नियमों का पालन, सुरक्षित जीवन’ जैसे नारों वाले पोस्टर और स्लोगन प्रदर्शित किए गए। इनके माध्यम से वाहन चालकों को सावधानी बरतने का संदेश दिया गया। रैली को देखने के लिए मार्गों पर बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री हेमंत मीणा ने उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई। उन्होंने जोर देकर कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है, जिसमें युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। जिला परिवहन विभाग ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगामी दिनों में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को यातायात नियमों के प्रति सजग करना है।


