नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर भरतपुर से है। यहां एम्बुलेंस में सिलेंडर की ऑक्सीजन खत्म हो जाने से नवजात की मौत हो गई। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें 1. एम्बुलेंस के कारण बच्चे की मौत, सीना दबाता रहा पिता
भरतपुर से नवजात को ऑक्सीजन सपोर्ट पर जयपुर ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। पिता का आरोप है कि जयपुर पहुंचने से पहले बस्सी के पास एम्बुलेंस में सिलेंडर की ऑक्सीजन खत्म हो गई थी। एक दिन के मासूम ने उसकी गोद में तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। आरोपी एम्बुलेंस ड्राइवर दोनों को बस्सी के सरकारी हॉस्पिटल में छोड़कर फरार हो गया। पुलिसवालों ने पिता को बेटे की लाश के साथ बस में बैठाकर वापस भरतपुर भेज दिया। घटना शुक्रवार शाम की है। पढ़ें पूरी खबर… 2. RPS दिव्या मित्तल को क्लीनचिट, करोड़ों के घूसकांड में आरोपी
सरकार ने राजस्थान पुलिस सेवा (RPS) की अधिकारी दिव्या मित्तल को क्लीनचिट दे दी है। तीन साल पहले एसीबी ने मित्तल को अजमेर में अरेस्ट किया था। दवा बिजनेसमैन से 2 करोड़ की रिश्वत मांगने के मामले में एसीबी ने कार्रवाई की थी। एसीबी की ओर से ठोस सबूत पेश नहीं कर पाने से मित्तल के खिलाफ अभियोजन स्वीकृति नहीं मिल पाई। पढ़ें पूरी खबर… 3. हाईवे पर तीन गाड़ियां भिड़ीं, पति-पत्नी समेत 3 की मौत
चित्तौड़गढ़ में वैन खड़ी पिकअप से जा टकराई। पीछे से आ रही थार भी वैन में घुस गई। हादसे में वैन सवार स्कूल संचालक पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। एक गंभीर घायल हो गया। हादसे के बाद थार ड्राइवर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। हादसा नेशनल हाईवे-56 पर निंबाहेड़ा के पास शुक्रवार रात करीब 11 बजे हुआ। पढ़ें पूरी खबर… 4. कंडक्टर पैसेंजर को पीटता रहा, ड्राइवर ने नहीं रोकी बस
राजस्थान रोडवेज में पैसेंजर्स के साथ मारपीट हुई। मारपीट भरतपुर के लोहागढ़ डिपो के स्टाफ ने की है। घटना गुरुवार को भरतपुर से आगरा जा रही बस में हुई। पैसेंजर ने कंडक्टर से खुले पैसे वापस मांगे थे। इसी से नाराज होकर उसके साथ पहले गाली-गलौज की गई, फिर उसे पीट दिया। घटना का वीडियो आज सामने आया है। पढ़ें पूरी खबर… 5. राजस्थान हाईकोर्ट अब महीने में दो शनिवार खुलेगा
राजस्थान हाईकोर्ट अब हर महीने के दो शनिवार खुला रहेगा। इससे सालभर में 24 दिन ज्यादा काम हो सकेगा। लंबित मामलों को निपटाने में तेजी आएगी। यह निर्णय जैसलमेर में वेस्ट जोन रीजनल कॉन्फ्रेंस में शुक्रवार को हुई फुल कोर्ट मीटिंग में सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत की मौजूदगी में लिया गया। पढ़ें पूरी खबर… अब 3 अहम खबरें 6. बीजेपी MLA को नहीं मिली कुर्सी, प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री के पीछे खड़े रहे
प्रदेश की भाजपा सरकार के 2 साल पूरे होने की प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास को बैठने के लिए कुर्सी ही नहीं मिली। ऐसे में नाराज विधायक पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस में खड़े ही रहे। उन्हें कुर्सी ऑफर की, तब भी वे नहीं बैठे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रभारी मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, बीकानेर पूर्व की MLA सिद्धि कुमारी और कलेक्टर नम्रता वृष्णि भी थी। पढ़ें पूरी खबर… 7. रेस्टोरेंट मालिक को पीटने वाले बदमाशों की निकाली परेड
भरतपुर में शराब पीने से रोकने पर रेस्टोरेंट मालिक को पीटने वाले 3 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शनिवार को तीनों की पैदल परेड निकाली और घटनास्थल पर लेकर गए। तीनों आरोपी लंगड़ाते हुए चल रहे थे। बदमाशों ने 8 दिसंबर को रेस्टोरेंट मालिक को सड़क पर घसीटकर डंडों से बेरहमी से पीटा था। पढ़ें पूरी खबर… 8. किरोड़ीलाल बोले- बड़े-बड़े नेता किसानों को उकसा रहे
कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा- पहले वे भी कई बार अंधे मुद्दे उठा दिया करते थे। हनुमानगढ़ के टिब्बी (राठीखेड़ा) में हुई किसान हिंसा विपक्ष द्वारा उकसाया हुआ मुद्दा है। बड़े-बड़े नेता ही किसानों को भड़का रहे हैं। किरोड़ी ने यह बात शनिवार को सरकार के 2 साल पूरे होने पर अलवर में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही। पढ़ें पूरी खबर… खबर जो हटकर है 9. न घोड़ा, न कार… तालाब में उतरी बारात, सजी-धजी नावों में DJ पर मस्ती
शादी में बैंड-बाजा, घोड़े और लग्जरी गाड़ियों की बारात तो आम हो गई है, लेकिन भीलवाड़ा में कुछ अलग और रोमांचित कर देने वाला नजारा देखने को मिला। गंगापुर के लाखोला गांव में दूल्हा 7 सजी-धजी नावों के काफिले में बारात लेकर तालाब के रास्ते निकला। DJ पर नाचते-गाते बाराती 5 किलोमीटर का सफर तय कर दुल्हन के गांव पहुंचे। पढ़ें पूरी खबर… कल क्या होगा खास 10. पिंकसिटी नेशनल लिट्रेचर ड्रामा फेस्टिवल का समापन
पिंकसिटी प्रेस क्लब में तीन दिवसीय नेशनल लिट्रेचर ड्रामा फेस्टिवल का 14 दिसंबर को समापन होगा। आखिरी दिन AI और सोशल मीडिया पर रील के जरिए स्टार कैसे बनें जैसे टॉपिक्स पर चर्चा होगी।


