राजस्थान में बीजेपी सरकार के गठन के बाद हालत बदल गए है। पहले पुलिस को अपराधी पीटते थे। लेकिन अब अपराधियों में पुलिस का भय है। यह दावा किया है बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने। शनिवार को बीजेपी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर पलटवार किया। राठौड़ ने कहा कि अगर डोटासरा के पास पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार और वर्तमान भाजपा सरकार की तुलना करने लायक ठोस तथ्य हैं, तो वे अल्बर्ट हॉल जैसे सार्वजनिक स्थानों पर बयानबाजी करने के बजाय प्रदेश की सबसे बड़ी पंचायत विधानसभा में आकर खुली बहस करें। मदन राठौड़ ने कहा कि मैं खुद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से आग्रह करूंगा कि विधानसभा सत्र के दौरान एक पूरा दिन कांग्रेस के 5 साल के शासन और भाजपा सरकार के 2 साल के कार्यकाल पर विस्तृत बहस करवाई जाए। ताकि प्रदेश की जनता सच्चाई जान सके। राठौड़ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और उनके अन्य नेता झूठ का पुलिंदा लेकर घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अपने 5 साल के शासनकाल में आपसी फूट, गुटबाजी और अंतर्कलह में राज्य की जनता के कीमती साल बर्बाद कर दिए। वही लोग आज जनता के लिए लगातार काम कर रही बीजेपी सरकार के खिलाफ झूठी और भ्रामक बातें फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता विधानसभा में बहस करने से बच रहे हैं। क्यों कि उनके पास जवाब देने के लिए कोई ठोस आधार नहीं है। राठौड़ ने कहा कि भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में पिछले 2 साल में सरकार ने जनहित में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। प्रदेश में पानी की समस्या के समाधान के लिए महत्वपूर्ण समझौते किए गए, ऊर्जा क्षेत्र में राजस्थान को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए, युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रभावी योजनाएं लागू की गई, वहीं उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी बड़े स्तर पर विकास कार्य हुए हैं। लेकिन कांग्रेसी नेता बेवजह अनर्गल बयानबाजी कर रहे है। मदन राठौड़ ने कांग्रेस शासन पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस राज में राजस्थान बदहाली के दौर से गुजर रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान प्रदेश महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पेपर लीक, महिला अत्याचार, सांप्रदायिक तनाव और साइबर अपराध जैसे मामलों में देश में टॉप पर पहुंच गया था। वहीं बीजेपी सरकार के गठन के बाद प्रदेश की जनता को कांग्रेस के इन काले कारनामों से मुक्ति मिली है। राठौड़ ने दावा किया कि बीजेपी सरकार ने भ्रष्टाचार, अपराध और अव्यवस्था से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए दोषियों को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने सभी वर्गों को राहत देने के लिए ठोस नीतियां और कार्यक्रम बनाए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम मात्र 2 साल में ही सामने आ चुके हैं। जनता अब फर्क साफ देख रही है, इसी वजह से कांग्रेस तथ्यात्मक बहस से बच रही है।


