राजगढ़ के शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को ‘कॉलेज चलो अभियान-नई शिक्षा, नई उड़ान’ के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, राजगढ़ की पहल पर हुए इस कार्यक्रम में बारहवीं के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और करियर विकल्पों के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ना और नई शिक्षा नीति 2020 के तहत उपलब्ध अवसरों से परिचित कराना था। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. वी.बी. खरे ने इस अवसर पर कहा कि वर्तमान शिक्षा कौशल, रोजगार और आत्मनिर्भरता से सीधे जुड़ी है, इसलिए सही समय पर सही जानकारी मिलना अत्यंत महत्वपूर्ण है। महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को विषय चयन, कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया और विभिन्न कॉलेज स्तरीय सुविधाओं के बारे में सरल भाषा में समझाया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. आभा आनंद ने उच्च शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए बताया कि कॉलेज शिक्षा केवल डिग्री ही नहीं देती, बल्कि विद्यार्थियों को उनके भविष्य की दिशा भी प्रदान करती है। इस दौरान जया मोदी ने महाविद्यालय में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। वहीं, आराधना यादव ने विद्यार्थियों को उपलब्ध छात्रवृत्ति योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। डॉ. अशोक विजयवर्गीय और डॉ. दिनेश मालवीय ने भी विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यालय प्राचार्य गोपाल विजयवर्गीय, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने करियर से संबंधित कई सवाल पूछे और कॉलेज शिक्षा को लेकर अपनी उत्सुकता व्यक्त की।


