आयुर्वेद विभाग और राष्ट्रीय आयुष मिशन के संयुक्त तत्वावधान में गांधीनगर स्थित अटल सामुदायिक भवन में 10 दिवसीय निःशुल्क पाइल्स आयुर्वेद सर्जरी कैंप की शुरूआत शनिवार को की गई। कैंप का उद्घाटन चित्तौड़गढ़ विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सुरेश झंवर ने की। इस मौके पर बड़ी संख्या में डॉक्टर, जनप्रतिनिधि और रोगी उपस्थित रहे। इस शिविर का उद्देश्य पाइल्स जैसी आम लेकिन कष्टदायक बीमारी से पीड़ित लोगों को आयुर्वेद पद्धति के जरिए से सुरक्षित और प्रभावी इलाज उपलब्ध कराना है। कैंप में दूर-दूर जगहों से मरीज अपना इलाज करवाने आए हैं। विधायक आक्या ने आयुर्वेद और क्षारसूत्र पद्धति की सराहना की कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या ने आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति की वैज्ञानिकता और उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि क्षारसूत्र विधि पाइल्स उपचार की एक सफल और भरोसेमंद तकनीक है, जिससे मरीजों को बिना ज्यादा दर्द और लंबे आराम के लाभ मिलता है। विधायक आक्या ने ज्यादा से ज्यादा पाइल्स रोगियों से इस निःशुल्क शिविर का लाभ उठाने की अपील की। कैंप की रूपरेखा और स्वागत उद्बोधन उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग चित्तौड़गढ़ डॉ. तरुण कुमार प्रमाणिक ने किया, जिसमें शिविर के उद्देश्यों और इलाज की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। राजस्थान भर से आए रोगी सर्जरी के लिए रजिस्हुटर्ड ए डॉ. तरुण कुमार प्रमाणिक ने जानकारी दी कि इस शिविर के लिए अब तक चित्तौड़गढ़ जिले सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों से करीब 900 रोगियों का रजिस्ट्रेशन किया जा चुका है। इन सभी रोगियों की पहले स्क्रीनिंग की जाएगी, जिसके बाद 150 रोगियों के सर्जरी का लक्ष्य तय किया गया है। बड़ी संख्या में रजिस्ट्रेशन यह दर्शाता है कि लोगों में आयुर्वेदिक सर्जरी के प्रति विश्वास बढ़ रहा है। मरीजों को शिविर में पूरी जांच, परामर्श और सर्जरी की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क दी जा रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को भी बड़ा लाभ मिल रहा है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम और स्टाफ शिविर में सेवाएं दे रहे शिविर में पाइल्स की सर्जरी का काम अनुभवी डॉक्टरों की टीम द्वारा किया जा रहा है, जिसमें डॉ. यादराम गुर्जर, डॉ. उदयभानु और डॉ. किष्किंधा पंकज शामिल हैं। इनके साथ डॉ. मुकेश शर्मा, डॉ. वीरेन्द्र हाड़ा, डॉ. सौरभ सिंह हाड़ा, डॉ. ओमप्रकाश मीणा, डॉ. सरिता ए. कुमार, डॉ. विनोद, डॉ. अमन सैनी, डॉ. मनीष टांक, डॉ. गोपाल लाल धाकड़, डॉ. प्रज्ञा आर्य, डॉ. आलम अली, डॉ. अमीयबाला मोहन्ती और डॉ. गिरीराज धाकड़ अपनी सेवाएं दे रहे हैं। शिविर में आयुर्वेद कम्पाउंडर और नर्सिंग स्टाफ सहित कुल 48 सदस्यीय चिकित्सा टीम कार्यरत है। 22 दिसंबर तक चलेगा निःशुल्क आयुर्वेद शिविर शिविर प्रभारी डॉ. शैलेन्द्र सिंह मण्डलोई ने बताया कि यह निःशुल्क पाइल्स आयुर्वेद सर्जरी शिविर 13 दिसंबर से 22 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। अतिथियों का स्वागत सजायक निदेशक डॉ. लवकुश पाराशर, वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी अनिल सिसोदिया और कार्यालय टीम द्वारा किया गया। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में सुशील शर्मा, भरत जागेटिया, नवीन पटवारी, ओम शर्मा, राजन माली, गोपाल जाजू और गौरव त्यागी उपस्थित रहे।


