मोहन सरकार के दो साल पूरे, विजयवर्गीय ने गिनाईं उपलब्धियां:बोले- पीथमपुर में 7253 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव, 10 हजार रोजगार का दावा

धार जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय शनिवार को धार पहुंचे। उन्होंने मोहन सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर जिला पंचायत सभा कक्ष में पत्रकारवार्ता की। इस दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियों और जिले में हुए विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। कैबिनेट मंत्री विजयवर्गीय ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने पिछले दो वर्षों में विकास और जनकल्याण के नए मानक स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि धार जिला औद्योगिक, बुनियादी ढांचे और सामाजिक विकास के क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। पीथमपुर सेक्टर-7 में अब तक लगभग 7,253 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 600 करोड़ रुपए से अधिक का वास्तविक निवेश हो चुका है। इससे 10 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। पीथमपुर में मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक पार्क और पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क जैसी बड़ी परियोजनाएं धार को प्रदेश का प्रमुख औद्योगिक और लॉजिस्टिक हब बनाने की दिशा में अग्रसर हैं। कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर भी जोर दिया
उन्होंने जिले में रेल और सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर भी जोर दिया। दाहोद-इंदौर और छोटा उदयपुर-धार रेल परियोजनाएं प्रगति पर हैं। इसके अतिरिक्त, बदनावर-उज्जैन फोरलेन से व्यापार और आवागमन को नई गति मिलेगी। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सैकड़ों गांवों को पक्की सड़कों से जोड़ा गया है। कैलाश विजयवर्गीय ने लाड़ली बहना योजना को लेकर कांग्रेस के आरोपों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दावा किया था कि यह योजना चुनाव तक सीमित रहेगी, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे और मजबूत किया है। योजना की राशि 1,000 रुपए से बढ़ाकर 1,250 रुपए और फिर 1,500 रुपए की गई है। सरकार भविष्य में लाड़ली बहनों के खातों में 3,000 रुपए तक की राशि देने की दिशा में भी काम कर रही है। उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हुए बड़े सुधारों का भी उल्लेख किया। नए अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *