खिलचीपुर में 24 घंटे से देर तक बिजली गुल:चाइना मांझे से फॉल्ट, बिजासन क्षेत्र में सुधार कार्य जारी

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर के वार्ड नंबर 4 के बिजासन माता मंदिर के समीप शुक्रवार शाम 11 केवी बिजली लाइन में हुए फॉल्ट का असर 24 घंटे से अधिक समय बाद भी बना हुआ है। शनिवार शाम साढ़े 6 बजे तक क्षेत्र के करीब 100 घरों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। हालांकि पावर हाउस के स्टूमेंट को ठीक कर लिया गया है, लेकिन प्रभावित इलाके में लाइन सुधार का काम अभी भी जारी है। बताया जा रहा है कि चाइना मांझे से उड़ाई जा रही पतंग 11 केवी लाइन में उलझ गई थी। किसी द्वारा मांझा खींचे जाने पर तीनों तार आपस में टकरा गए और तेज धमाके के साथ एक तार टूटकर सड़क पर गिर गया। गनीमत रही कि उस समय सड़क पर कोई व्यक्ति या वाहन मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद करंट के झटके से कई घरों के बिजली उपकरण जल गए, वहीं पावर हाउस को भी नुकसान पहुंचा। सुरक्षा को देखते हुए बिजली विभाग ने तत्काल सप्लाई बंद कर दी थी। राजगढ़ से आई STM टीम ने पावर हाउस की मरम्मत पूरी कर ली है। इधर, बिजली विभाग की टीम शनिवार को भी बिजासन माता मंदिर क्षेत्र में डटी रही और लाइन, इंसुलेटर सहित अन्य तकनीकी खामियों को दुरुस्त करने में जुटी रही। लगातार बिजली बंद रहने से वार्डवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *