खैरथल में राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय कार्यक्रमों का शनिवार को शुभारंभ हुआ। कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री व जिला प्रभारी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कलेक्ट्रेट परिसर से विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये रथ सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएंगे। तीन रथों को दिखाई हरी झंडी ‘नव उत्थान–नई पहचान, बढ़ता राजस्थान–हमारा राजस्थान’ थीम पर आधारित ये तीन विकास रथ पूरे जिले में भ्रमण करेंगे। डॉ. मीणा ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर प्रदेश के सभी वर्गों में उत्साह है। सरकार की योजनाओं से हर आयु वर्ग और क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिला है। ग्राम पंचायतों में उपलब्धियों का प्रचार करेंगे रथ जनसंपर्क विभाग द्वारा सुसज्जित इन विकास रथों में ऑडियो-वीडियो सिस्टम और एलईडी वैन लगी हैं। इनके माध्यम से लघु फिल्मों द्वारा प्रदेश में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी। ये रथ ग्राम पंचायतों में जाकर सरकार की योजनाओं, नवाचारों और उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार करेंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक घंटे का कार्यक्रम मंत्री ने बताया- प्रत्येक ग्राम पंचायत में रथ के माध्यम से एक घंटे के कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस दौरान आमजन अपनी स्थानीय समस्याओं और सुझावों को रथों में लगी सुझाव पेटिका में लिखित रूप से दे सकेंगे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों से रथों का स्वागत करने और अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। विधायक बोले- प्रदेश के लोगों में भारी उत्साह तिजारा विधायक महंत बालक नाथ योगी ने कहा- प्रदेश के युवा, किसान, महिलाएं और पुरुष सभी वर्गों में सरकार के कार्यों को लेकर उत्साह है। विकास रथों के माध्यम से योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दृश्य-श्रव्य माध्यमों से सीधे जनता तक पहुंचेगी, जिससे सरकार की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंच सकेंगी। अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट ने बताया- विकास रथ 13 दिसंबर से कार्यक्रमों की समाप्ति तक जिले की ग्राम पंचायतों में जाकर जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार करेंगे। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष महासिंह चौधरी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर भिवाड़ी सुमित्रा मिश्र, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतुल साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


