जैसलमेर जिले में तापमान में उतार चढ़ाव का दौर जारी है। पिछले तीन दिन से 22 डिग्री पर स्थिर रहा अधिकतम तापमान बुधवार को एकाएक 5 डिग्री उछल गया। एक महीने बाद अधिकतम तापमान फिर से 27 डिग्री पर पहुंचा है। जिले में गुरुवार को सुबह से ही मौसम साफ रहा। तेज धूप खिलने से कड़ाके की ठंड से राहत मिली। दिन में लोगों को सूरज की तपन से सर्दी से काफी राहत मिली। शहर के मुकाबले नलकूप क्षेत्र चांधन एवं नहरी क्षेत्र रामगढ़, मोहनगढ़ व नाचना में सर्दी का असर तेज है। मौसम विभाग ने आगामी चार दिनों तक जैसलमेर जिले में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। हालांकि 10-12 जनवरी के बीच एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ से बीकानेर, जयपुर व भरतपुर संभागों में मेघगर्जना के साथ बारिश की संभावना है। लेकिन जैसलमेर में इसका प्रभाव नहीं दिखेगा। एक महीने बाद दिन का पारा पहुंचा 27 डिग्री पार जैसलमेर में पिछले तीन दिन से अधिकतम तापमान 22 डिग्री पर था। 4 जनवरी को पारा 25 डिग्री पर पहुंच गया था। जिसके बाद 5 जनवरी को 3 डिग्री की गिरावट के साथ पारा 22 डिग्री पर पहुंच गया। तीन दिन 22 डिग्री पर स्थिर रहने के बाद बुधवार को एकाएक पारे में 5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। वहीं रात का पारा भी 1 डिग्री बढ़ गया। रात का पारा भी पिछले दो दिनों से 6 डिग्री पर स्थिर था। बुधवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री व न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री दर्ज किया गया। दिन व रात के पारे में 20 डिग्री का अंतर रहा। दरअसल, इस जनवरी महीने में अभी तक अधिकतम तापमान 22 डिग्री से नीचे नहीं आया है। जिससे दिन में कड़ाके की सर्दी का असर खत्म हो चुका है। हालांकि रात का पारा 6 से 7 डिग्री के बीच होने से रात में अभी भी कड़ाके की सर्दी लोगों की कंपकंपी छुड़ा रही है। 10-12 जनवरी को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस मौसम विभाग ने आगामी चार दिनों तक जैसलमेर जिले में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। कृषि मौसम वैज्ञानिक अतुल गालव ने बताया कि 12 जनवरी तक जिले में मौसम साफ रहेगा। इस दौरान शीतलहर व कोहरा छाने की कोई संभावना नहीं है। हालांकि 10-12 जनवरी के बीच एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ से बीकानेर, जयपुर व भरतपुर संभागों में मेघगर्जना के साथ बारिश की संभावना है। लेकिन जैसलमेर में इसका प्रभाव नहीं दिखेगा।


